छत्तीसगढ़

CG: ट्रेन की चपेट में आई नाबालिग किशोरी, हादसे में कटा एक हाथ; गंभीर हालत में राजनांदगांव रेफर

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बालोद।
जिले के चिखलाकसा रेलवे क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नाबालिग किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आपातकालीन सेवा डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर कर दिया।

मिडिया से मिली जानकारी के अनुसार, घायल किशोरी डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि वह आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के चिखलाकसा इलाके में रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई। यहां किन परिस्थितियों में वह ट्रेन की चपेट में आई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले किशोरी करीब दो घंटे तक घटनास्थल के आसपास देखी गई थी। इसके बाद अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और एक हाथ कटकर अलग हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए राजनांदगांव भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी चिंतित हैं।

पुलिस जुटा रही घटना से जुड़े तथ्य
दल्लीराजहरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोरी रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।

Back to top button