खास खबरें

CG: सरपंच की कुर्सी गई, 6 साल तक चुनाव लड़ने पर भी रोक; अपील खारिज,जाने पूरा मामला

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ । बिलासपुर।
पंचायत चुनाव में आरक्षित पद पर निर्वाचन की पात्रता को लेकर सामने आए विवाद में ग्राम पंचायत कोरमी की सरपंच सुंदरी बाई धुरी को राहत नहीं मिली है। अतिरिक्त कलेक्टर की अदालत ने उन्हें सरपंच पद से हटाने और आगामी छह वर्षों तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित करने के पूर्व आदेश को बरकरार रखा है। अतिरिक्त कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई ने उनकी अपील खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया है।

मिडिया रिपोट्स के अनुसार पूरा मामला वर्ष 2025 में हुए पंचायत चुनाव से जुड़ा है। बिल्हा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कोरमी में सरपंच का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था। इस पद पर सुंदरी बाई धुरी ने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। हालांकि, उनके निर्वाचन के बाद जातिगत पात्रता को लेकर शिकायत सामने आई। गांव की दुर्गेश्वरी मरकाम ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सुंदरी बाई धुरी अनुसूचित जनजाति वर्ग की नहीं हैं, बल्कि अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं।

शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में सुंदरी बाई धुरी को अनुसूचित जनजाति वर्ग का सदस्य नहीं पाया गया। इसी रिपोर्ट के आधार पर पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सरपंच पद से हटाने के साथ छह साल तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

आदेश के खिलाफ सरपंच ने दायर की थी अपील
प्रशासनिक कार्रवाई से असहमत सुंदरी बाई धुरी ने अतिरिक्त कलेक्टर की अदालत में अपील पेश की थी। उनका कहना था कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने शिकायत को गलत बताते हुए ग्रामसभा के माध्यम से जांच कराने की मांग भी रखी थी। दूसरी ओर शिकायतकर्ता पक्ष ने आरक्षित पद पर कथित अपात्रता के आधार पर हुए निर्वाचन को गंभीर मामला बताते हुए पूर्व कार्रवाई जारी रखने की मांग की।

चार बार मिला मौका, फिर भी पेश नहीं कर सकीं ठोस साक्ष्य
अपील की सुनवाई के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर ने निचली अदालत के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के तर्कों की जांच की। अभिलेखों में पाया गया कि सुंदरी बाई धुरी को अपना जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 28 अप्रैल, 8 मई, 11 मई और 13 मई 2026 को अवसर दिया गया था। इसके बावजूद वे नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट को गलत साबित करने के लिए कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सकीं।

सभी दस्तावेजों और दलीलों पर विचार करने के बाद अतिरिक्त कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई ने 13 नवंबर 2026 को उनकी अपील खारिज कर दी। इसके साथ ही सरपंच पद से हटाने और छह वर्षों तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित करने का पूर्व आदेश प्रभावी रखा गया है।

इस फैसले से कोरमी ग्राम पंचायत का सरपंच पद विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मामले में प्रशासनिक अदालत के निर्णय ने स्पष्ट कर दिया है कि आरक्षित पद पर चुनाव लड़ने के लिए संबंधित वर्ग की पात्रता साबित करने वाले वैध दस्तावेज महत्वपूर्ण हैं।

Back to top button