सरायपाली में नशीली टेबलेट की तस्करी का भंडाफोड़, 690 नग Nitrazepam के साथ 4 गिरफ्तार
झिलमिला-बैदपाली रोड पर पुलिस की घेराबंदी, बाइक समेत 1.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

सरायपाली। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध खरीदी-बिक्री के खिलाफ सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 690 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट Nitrazepam बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 55,200 रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 5 हजार 200 रुपये है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद कार्यालय से 16 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर बैदपाली रोड, झिलमिला, सरायपाली की ओर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बैदपाली रोड बाजार पड़ाव के पास निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GJ-5116 पर चार लोग सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास रखे थैले से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर उक्त टेबलेट ग्राहकों को बेचने के लिए लाना बताया। पुलिस ने मौके से Nitrazepam Tablet IP Nitrosum 10 mg के 69 पत्ते, प्रत्येक पत्ते में 10 टेबलेट, कुल 690 नग बरामद किए। जब्त टेबलेट की कीमत करीब 55,200 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, उसे भी पुलिस ने जब्त किया।
चारों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में शेखर बाघ (19), निवासी डोंगरीपारा झिलमिला; विवेकानंद बंछोर (20), निवासी वार्ड नंबर 11 बाजारपारा सरायपाली; अनुराग दास (19), निवासी टावरपारा झिलमिला; और दिनेश सिंह राजपूत (20), निवासी बैदपाली थाना सरायपाली को गिरफ्तार किया है।
चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 359/26, धारा 21 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है तथा मामले की आगे की विवेचना जारी है।