बसना

खबर का असर: स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र की मौत के मामले में प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक निलंबित

मूड़ी़डीह स्कूल में झूले पर खेलते समय हुई थी छात्र तरुण चौहान की मौत, जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

महासमुंद/बसना। बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत उड़ेला के आश्रित ग्राम मूड़ी़डीह स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में रस्सी के झूले पर खेलते समय चौथी कक्षा के छात्र तरुण चौहान की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को लेकर छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के बाद अब विभाग ने स्कूल के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना से प्राप्त जांच प्रतिवेदन का हवाला देते हुए दोनों शिक्षकों को प्रथम दृष्टया दोषी माना गया है। आदेश के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला मूड़ी़डीह में स्कूल परिसर स्थित पेड़ से बंधे झूले की रस्सी में खेलते समय कक्षा चौथी के छात्र की दुर्घटना में मृत्यु हुई थी।

शिक्षा विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत कृत्य पाए जाने का उल्लेख करते हुए दोनों शिक्षकों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

गौरतलब है कि छात्र की मौत के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और झूले की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। ग्रामीणों ने भी मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी। अब जांच प्रतिवेदन के बाद विभागीय कार्रवाई सामने आने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई को ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर महत्वपूर्ण कदम माना है। हालांकि, मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Back to top button