पिथौरा

पिथौरा: शराब के नशे में पत्नी पर टूटा पति, गाली-गलौज के बाद डंडे और बेल्ट से पीटा

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद, महिला के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट, थाने पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट

पिथौरा। फारेस्ट कॉलोनी पिथौरा में शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्का, डंडे व बेल्ट से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में देववंती चौहान, निवासी फारेस्ट कॉलोनी पिथौरा ने बताया कि वह करीब डेढ़ वर्ष से सरकारी क्वार्टर में रह रही है। महिला के अनुसार 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे उसका पति विरेन्द्र चौहान अपने दो दोस्तों के साथ घर में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद पति के दोनों दोस्त अपने-अपने घर चले गए।

शिकायत के मुताबिक शराब अधिक पीने के कारण पति ने अपना मोबाइल खराब न हो, यह कहते हुए उसे घर की टेबल पर रख दिया था। रात करीब 4 बजे जब उसका नशा कुछ कम हुआ तो वह मोबाइल तलाशने लगा। मोबाइल को लेकर उसने पत्नी के साथ विवाद शुरू कर दिया और कथित तौर पर गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद पति ने हाथ-मुक्का, डंडे और बेल्ट से उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके सिर, दाएं कान, बाएं हाथ, बाएं पैर, घुटने और पीठ में चोट आई तथा शरीर के विभिन्न हिस्सों में दर्द होने लगा।

घटना के बाद महिला अपने मायके ग्राम जोगनीपाली पहुंची और अपनी मां सुशील कुमारी तथा भाई लक्ष्मण बरिहा को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी मां और भाई के साथ थाने पहुंची और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने धारा 115(2)-BNS, 296-BNS 351(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button