विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कुदारीबाहरा को दी विकास की सौगात 5 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
धार्मिक व सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा भवन, विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर किया उद्घाटन

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है। ग्राम पंचायत कुदारीबाहरा स्थित पवित्र वैष्णव मंदिर के समीप नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के कर-कमलों द्वारा गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विधायक निधि से 5 लाख रुपये की लागत से तैयार यह भवन क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए समर्पित किया गया।
लोकार्पण समारोह का शुभारंभ पूर्ण धार्मिक मर्यादा और भारतीय परंपरा के अनुरूप हुआ। वैष्णव मंदिर की पावन भूमि पर पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधिवत् पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर भवन का विधिवत् लोकार्पण किया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक व सामाजिक अनुष्ठान के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्राम कुदारीबाहरा की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करते हुए मुझे अत्यंत हर्ष हो रहा है। वैष्णव मंदिर का यह प्रांगण सदैव से आस्था और पवित्रता का केंद्र रहा है। इस पावन स्थल के समीप सामुदायिक भवन का निर्माण होने से अब ग्रामीणों को विवाह, सामाजिक बैठकें, धार्मिक अनुष्ठान और सार्वजनिक उत्सव आयोजित करने में सुगमता होगी।
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि विकास केवल पक्की सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज को जोड़ने वाले बुनियादी ढांचे का निर्माण ही वास्तविक प्रगति है। ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तिकरण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बसना विधानसभा के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और हर वर्ग के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना हमारा संकल्प है। यह भवन पूरे गांव के आपसी सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरेगा।
ग्रामवासियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया। स्थानीय बुजुर्गों और युवाओं ने कहा कि मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन की बहुत आवश्यकता थी, जिसे विधायक जी ने प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया।
कार्यक्रम में गुरुजी कोमना पूज्य सदन तिवारी,जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल,जनपद सदस्य प्रतिनिधि शशिकांत साव,सभापति जनपद पंचायत बसना प्रकाश सिन्हा,जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा,सरपंच ग्राम पंचायत कुदारीबाहरा प्रफुल्ल साव, सरपंच ग्राम पंचायत हबेकांता त्रिलोचन भोई, अध्यक्ष युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा,दुर्गा प्रसाद दुबे,विजय जैन ,शांतिलाल साव, उजल साहू,राय सिंग, उपसरपंच चंद्रप्रकाश साव,सुनीता जैन,दुर्गा प्रसाद साव, मानिक साव,स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।