सांकरा:

सांकरा में धूमधाम से मनाई गई महाराजा अग्रसेन जयंती, भव्य शोभायात्रा और रैली ने बांधा समां

अग्रध्वज फहराकर हुआ शुभारंभ, कार-बाइक रैली के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन; बुजुर्गों और प्रतिभागियों का किया गया सम्मान

सांकरा। अग्रवाल समाज सांकरा द्वारा महाराजा अग्रसेन जी की जयंती हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे निर्माणाधीन श्याम मंदिर के मुख्य द्वार पर अग्रध्वज ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद समाजजनों ने महाराजा अग्रसेन जी का विधिवत पूजन एवं आरती की।

अग्रवाल समाज सांकरा के सदस्यों की मौजूदगी में गोपाल कृष्ण गर्ग के नेतृत्व में संरक्षक रमेश मोदी, अनंत राम गर्ग एवं ताराचंद द्वारा अग्रध्वज फहराया गया। पूजन-अर्चन के पश्चात समाज के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से स्वल्पाहार ग्रहण किया।

डीजे की धुन पर निकली भव्य कार-बाइक रैली
जयंती समारोह के तहत समाज के युवाओं द्वारा डीजे की धुन पर भव्य कार एवं बाइक रैली निकाली गई। रैली ने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान पूरे नगर में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। समाजजनों और युवाओं ने महाराजा अग्रसेन जी के जयकारे लगाते हुए कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए हुईं प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए एक मिनट प्रतियोगिता, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए कुर्सी दौड़, हौजी, बॉल के ऊपर बाल्टी डालो सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में समाज के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

दोपहर में सांकरा के गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों की उपस्थिति में महाराजा अग्रसेन जी का पूजन किया गया तथा सभी ने प्रीतिभोज ग्रहण किया। इसके पश्चात महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में दिखी भव्यता, धार्मिक माहौल ने मोहा मन
शोभायात्रा में डीजे की धुन के साथ घुमाल टीम की मनमोहक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही गोरिल्ला, मिकी माउस सहित विभिन्न कार्टून पात्रों की प्रस्तुति ने बच्चों को खूब आकर्षित किया। रथ पर विराजमान महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा और रंगीन रोशनी से की गई साज-सज्जा ने शोभायात्रा को और भव्य बना दिया। शोभायात्रा ने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया, जिससे पूरे सांकरा में धार्मिक एवं उत्सवमय वातावरण बना रहा।

बुजुर्गों का सम्मान, प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में समाज के ताराचंद अग्रवाल द्वारा हरियाणवी भाषा में माता लक्ष्मी जी का भजन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मंच पर समाज के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष विनोद सावडिया, उपाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सचिव दिलीप जिंदल एवं कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल की उपस्थिति रही।

समाज की ओर से बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजजनों ने सामूहिक रूप से हाई-टी का आनंद लिया।

युवाओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
पूरे आयोजन को सफल बनाने में समाज के युवा अंकित अग्रवाल, पवन मोदी, सौरव, पंकज एवं रौनक सहित अन्य समाजजनों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन समाज के मीडिया प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी गोपाल कृष्ण गर्ग द्वारा किया गया। अग्रवाल समाज के इस आयोजन में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

Back to top button