बसना: जंगल की पगडंडी पर 100 लीटर महुआ शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, बिक्री के लिए शराब ले जाते पकड़े गए आरोपी

बसना/भंवरपुर। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत भंवरपुर पुलिस चौकी की टीम ने ग्राम दलदली के सामने जंगल से रनकोट जाने वाली पगडंडी के पास तीन लोगों को करीब 100 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को भंवरपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दलदली के सामने जंगल से रनकोट जाने वाले पगडंडी रास्ते पर तीन व्यक्ति कंधे में प्लास्टिक की बोरियां लेकर जा रहे हैं, जिनमें हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब होने की सूचना थी। सूचना पर चौकी प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान विजय कुमार पिता सरेज रति सोनी (30 वर्ष), त्यागी सोनी पिता जगसाय सोनी (29 वर्ष) और महेश राम पिता लक्ष्मण सोनी (50 वर्ष), निवासी गढ़गांव, चौकी भंवरपुर, थाना बसना के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के संयुक्त कब्जे से दो सफेद रंग की प्लास्टिक बोरियों में करीब 35-35 लीटर तथा एक लाल रंग की प्लास्टिक बोरी में करीब 30 लीटर, कुल लगभग 100 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर सीलबंद किया तथा तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 2015 की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों आरोपियों को उसी दिन क्रमशः 12:40 बजे, 12:50 बजे और 13:00 बजे गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में भंवरपुर चौकी की भूमिका रही। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।