40 हाथियों के झुंड से बिछड़ा नन्हा मादा शावक, वन विभाग की बढ़ी चिंता

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल के अंतर्गत छाल रेंज से एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है, जहां लगभग 40 हाथियों के बड़े दल से एक मादा शावक के अलग होने की पुष्टि हुई है।
हाथियों के झुंड से छोटे शावक का इस प्रकार बिछड़ना बेहद संवेदनशील मामला है, क्योंकि इस दौरान उसकी सुरक्षा, खानपान और मुख्य दल के साथ सुरक्षित पुनर्मिलन की राह बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाती है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है और मैदानी अमला लगातार स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और झुण्ड से बिछड़े शावक को दल से मिलाने के प्रयास जारी हैँ ।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में यह देखना सबसे महत्वपूर्ण है कि शावक को सुरक्षित माहौल कैसे दिया जाए। इस बीच ताजा अपडेट यह है कि इस हाथी शावक को फिलहाल छाल रेंज कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है, जहां विभागीय टीम द्वारा उसकी लगातार देखभाल की जा रही है। इस संवेदनशील स्थिति के मद्देनजर वन विभाग ने आसपास के ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से बचें।
वन विभाग द्वारा हाथी शावक को लेकर आगे की जाने वाली विभागीय प्रक्रियाओं और उसके सुरक्षित पुनर्मिलन के संबंध में जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा करने की बात कही जा रही है।