सरायपाली: कार में गांजा तस्करी करते ओडिशा के चार आरोपी गिरफ्तार, 23.5 किलो गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस की कार्रवाई, गांजा-कार और मोबाइल सहित 19.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

सरायपाली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए कार से गांजा तस्करी कर रहे ओडिशा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक किया कैरेंस कार क्रमांक OD 02 CT 3301 में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी और पूछताछ की। कार में चार लोग सवार थे। उनके गंतव्य के संबंध में पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों ने कार की पिछली सीट पर रखी सफेद बोरी में गांजा होने की जानकारी दी।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर बोरी से कुल 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बौध जिले से लाकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ले जाने की बात बताई।
चारों आरोपी ओडिशा के निवासी
पुलिस ने मामले में स्वागत महाकुल (26 वर्ष), केशव गाई गौउरिया (32 वर्ष), मनतोष पौड (28 वर्ष) और रविन्द्र बस्तिया (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी ओडिशा के बौध जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
19.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23.500 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त किया कैरेंस कार, जिसकी कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है, तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 20 हजार 500 रुपये है, जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 19 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क, गांजे के स्रोत तथा इसके गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सटीक मुखबिर सूचना और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से यह कार्रवाई सफल हुई।