बसना

बसना: सेवा सेतु शिविर में 15 पार्षद, 3 एल्डरमैन नदारद, प्रमुख विभाग भी नहीं पहुंचे

47 आवेदन आए, 18 का मौके पर निराकरण; प्रचार के अभाव में अपेक्षित संख्या में नहीं पहुंचे नगरवासी, 29 आवेदन विभागों को भेजे

बसना। जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बसना नगर पंचायत द्वारा मंगल भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर लगाया गया। लेकिन जिस शिविर का मकसद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता को एक मंच पर लाकर समस्याओं का समाधान करना था, उसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कुछ प्रमुख विभागों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। शिविर में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 18 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि 29 मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर निराकरण के लिए लंबित रखा गया।

शिविर में राजस्व, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुधन, स्वास्थ्य, खाद्य, वन और नगर पंचायत समेत करीब 17 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। हालांकि आबकारी, शिक्षा समेत कुछ प्रमुख विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविर में नजर नहीं आए। ऐसे में जिन समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीण और नगरवासी संबंधित विभागों तक पहुंचने से बचकर एक ही स्थान पर समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं, उनके लिए शिविर की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अध्यक्ष को छोड़ 15 पार्षद और 3 एल्डरमैन नहीं पहुंचे
शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल मौजूद रहीं, लेकिन नगर पंचायत के 15 पार्षद और 3 एल्डरमैन में से कोई नजर नहीं आया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी भी शिविर में चर्चा का विषय रही। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से वार्ड स्तर की समस्याएं सामने आने और उनके निराकरण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद थी।

प्रचार के अभाव में भीड़ नहीं जुटी
शिविर से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने की बात भी सामने आई। इसके चलते नगर के कई वार्डों से अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंच पाए। शिविर में कम संख्या में आवेदन आने का एक कारण प्रचार की कमी को भी माना जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. एनके अग्रवाल, तहसीलदार नितीन ठाकुर, नायब तहसीलदार ललित सिंह और सीएमओ राजेंद्र पात्रे ने पूजा-अर्चना के साथ किया। अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर आम नागरिकों से चर्चा की।

सीएमओ बोले- 30 सितंबर को ही पार्षदों को दी थी सूचना
नगर पंचायत सीएमओ राजेंद्र पात्रे ने कहा कि सेवा सेतु शिविर को लेकर 30 सितंबर 2026 को आयोजित नगर पंचायत की बैठक में पार्षदों को सूचना दे दी गई थी। इसके अलावा पार्षदों एवं संबंधित लोगों को आमंत्रण कार्ड के माध्यम से भी कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि शिविर के आयोजन को लेकर नगर में मुनादी भी कराई गई थी।

Back to top button