पिथौरा

टुल्लू पंप चोरी का हुआ खुलासा,पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

7 हजार रुपये का चोरी हुआ टुल्लू पंप बरामद, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक जब्त,तीसरे आरोपी की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ पिथौरा। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम भिथीडीह में घर-बाड़ी से टुल्लू पंप चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया लुबी कंपनी का 1.5 एचपी टुल्लू पंप, जिसकी कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर लिया है। वहीं चोरी की वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

घर-बाड़ी से चोरी हुआ था टुल्लू पंप
पुलिस के अनुसार ग्राम भिथीडीह निवासी परशुराम कनौजे (45) ने थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे से 7:30 बजे के बीच उनके घर-बाड़ी में लगा लुबी कंपनी का 1.5 एचपी टुल्लू पंप चोरी हो गया। चोरी गए पंप की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई। प्रार्थी ने मामले में यशवंत यादव और डायमंड बरिहा पर संदेह जताया था। शिकायत पर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 261/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में तीन लोगों के मिलकर चोरी करने की बात आई सामने
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की और संदेहियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने यशवंत यादव और डायमंड बरिहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जीवन यादव के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से टुल्लू पंप चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके संयुक्त कब्जे से चोरी किया गया लुबी कंपनी का 1.5 एचपी टुल्लू पंप बरामद किया गया। वहीं आरोपी यशवंत यादव की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी गवाहों के समक्ष जब्त की गई।

दो आरोपी जेल भेजे गए, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में यशवंत यादव (35), निवासी अर्जुनी, थाना पिथौरा और डायमंड बरिहा (27), निवासी अर्जुनी, थाना पिथौरा को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं प्रकरण के तीसरे आरोपी जीवन यादव, निवासी भिथीडीह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।

बरामद सामग्री: लुबी कंपनी का 1.5 एचपी टुल्लू पंप, कीमत करीब 7 हजार रुपये।
जब्त संपत्ति: वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल।

Back to top button