महासमुंद

तालाब किनारे सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने मारी दबिश 7 जुआरी गिरफ्तार, 3.32 लाख का सामान जब्त

17,400 रुपये नकद समेत स्कूटी, चार बाइक, स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल जब्त; पुलिस की भनक लगते ही कुछ जुआरी मौके से फरार

तुमगांव। थाना तुमगांव क्षेत्र के ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब किनारे खुले स्थान पर संगठित होकर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, ताश की पत्तियां, वाहन और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 32 हजार 400 रुपये का जुमला मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब के पास खुले स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना तुमगांव पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी।

सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस ने मौके से रवीन्द्र खुंटे (30), लोमश साहू (28), संत कुमार बंजारे (38), भीष्मदेव खुंटे (26), जितेश बंजारे (18), नेहरू साहू (35) और पवन साहू (30) को गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने पर कुछ अन्य जुआरी मौके से भाग निकले। फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

नकदी समेत लाखों का सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे एवं फड़ से 17,400 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक स्कूटी एक्सेस, चार मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 32 हजार 400 रुपये बताई गई है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार जुआरियों की तलाश जारी है।

थाना तुमगांव पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Back to top button