बसना: घर खाली करो, नहीं तो मारकर यहीं दफना देंगे — महिला ने लगाया धमकी और तोड़फोड़ के प्रयास का आरोप
भठोरी गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, महिला की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

बसना। ग्राम भठोरी में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करने, घर खाली करने की धमकी देने और मकान को तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुमन पटेल, निवासी ग्राम भठोरी ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर रूपसाय पटेल को शासन की ओर से ग्राम भठोरी, रा.नि.म. भूकेल, तहसील बसना में स्थित भूमि का पट्टा स्वामित्व हक में प्राप्त हुआ है। शिकायत के अनुसार उक्त भूमि में खसरा नंबर 311/4, 309/5 और 311/5 शामिल हैं। महिला ने बताया कि खसरा नंबर 309/5 की भूमि पर उनका मकान बना हुआ है और परिवार वहीं निवास करता है।
महिला के मुताबिक 28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर थी। इसी दौरान ग्राम भठोरी निवासी सीयाराम पटेल और सुरेश पटेल अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने परिवार को घर खाली करने के लिए कहा और कथित तौर पर धमकी दी कि यदि घर खाली नहीं किया तो उन्हें मारकर उसी घर में दफना देंगे।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त लोगों द्वारा उसके साथ गाली-गलौज की गई और मकान को तोड़ने का प्रयास किया गया। जब उसके पति जागेश्वर पटेल ने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी कथित रूप से गाली-गलौज की गई।
महिला ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण को जांच में लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।