बसना: सेवा संकल्प अभियान के तहत 38 परिवारों को आवास की सौगात, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बांटे प्रमाण पत्र

बसना। नगर पंचायत बसना में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अनुज्ञा (स्वीकृति) प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पहुंचकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधिवत भगवान की पूजा-अर्चना की और समूचे बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।
इसके पश्चात विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने करकमलों से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत चयनित 38 पात्र हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित किए। पक्के आशियाने का स्वीकृति पत्र पाते ही हितग्राहियों के चेहरों पर संतोष और खुशी की चमक स्पष्ट दिखाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित और पक्का आशियाना हो, और प्रधानमंत्री आवास योजना इस दिशा में गरीबों के जीवन को बदलने वाली ऐतिहासिक योजना साबित हुई है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि बसना विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंदों को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना उनका निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान” केवल एक योजनागत औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह जनता के प्रति सेवा और समर्पण का एक सच्चा प्रयास है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी 38 हितग्राहियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अपने आवास का निर्माण पूर्ण करें ताकि उनका परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके। इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आवास निर्माण के दौरान हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा कागजी परेशानी न हो, और किस्तों का भुगतान नियमानुसार समय पर उनके खातों में अंतरित कराया जाए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा, पार्षद राकेश डड़सेना, पार्षद मुजम्मिल कादरी, पार्षद संगीता नायक, पार्षद शिव नायक, पार्षद खालिद दानी, पार्षद मनोज गहरवाल, पार्षद गौतम धृतलहरे, विधायक प्रतिनिधि निर्मल दास, सीएमओ नगर पंचायत बसना राजेंद्र पात्रे,निज सचिव नरेंद्र बोरे,नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी व हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी हितग्राहियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं शासन-प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।