बसना: बिछिया(पो) पंचायत की अनोखी पहल हर सोमवार और शुक्रवार घर-घर पहुंचेगा कचरा संग्रहण दल
आरती महिला स्वसहायता समूह ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी, स्वच्छ गांव की दिशा में पंचायत का सराहनीय कदम

देशराज दास बसना। ग्राम पंचायत बिछिया (पो) द्वारा गांव को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। पंचायत के सहयोग से आरती महिला स्वसहायता समूह द्वारा अब गांव में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य किया जा रहा है। इस पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को घर-घर पहुंचकर कचरा कलेक्शन किया जाएगा।
स्वच्छता को लेकर शुरू किए गए इस अभियान में ग्रामीणों को भी सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए सब्सक्राइब अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवार नियमित कचरा संग्रहण सुविधा से जुड़कर अपने घर एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग कर सकते हैं।
महिला समूह ने उठाई स्वच्छता की जिम्मेदारी
इस अभियान की खास बात यह है कि गांव की महिलाओं को स्वच्छता व्यवस्था से जोड़ते हुए आरती महिला स्वसहायता समूह को कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी दी गई है। इससे एक ओर गांव की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर महिला स्वसहायता समूह को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
ग्राम पंचायत बिछिया द्वारा स्वच्छता को लेकर की जा रही यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता का बेहतर उदाहरण बन रही है। पंचायत का प्रयास है कि गांव में नियमित रूप से कचरा संग्रहण हो और लोग गंदगी को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से उसका उचित प्रबंधन करें।
पंचायत का ग्रामीणों से सहयोग का आह्वान
ग्राम पंचायत की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे कचरा संग्रहण अभियान से जुड़ें और प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को कचरा संग्रहण दल को अपने घर का कचरा उपलब्ध कराएं। पंचायत ने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
सरपंच श्रीमती रीना राजेश गड़तिया ने बताया ग्राम पंचायत बिछिया का उद्देश्य गांव को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हम चाहते हैं कि गांव का प्रत्येक परिवार इस अभियान से जुड़े और स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पंचायत का सहयोग करे। आरती महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं को इस कार्य से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के सहयोग से बिछिया को स्वच्छ और आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में हम लगातार प्रयासरत हैं।
वही सचिव मेघनाद पटेल ग्राम पंचायत द्वारा सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण परिवारों को इस सुविधा से जोड़ने के लिए सब्सक्राइब अभियान भी चलाया जा रहा है। स्वच्छता तभी प्रभावी होगी, जब प्रत्येक परिवार इसमें अपनी भागीदारी निभाएगा। पंचायत की ओर से ग्रामीणों से अपील है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित दिवस पर कचरा संग्रहण दल को कचरा उपलब्ध कराएं।
ग्राम पंचायत बिछिया की यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों का मानना है कि ग्रामीणों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाकर गांव को स्वच्छता के क्षेत्र में एक मिसाल बनाया जा सकता है।