महासमुंद/ सिंघोड़ा: 27.590 किलो गांजा के साथ राजस्थान के चार तस्कर गिरफ्तार, 14.05 लाख का माल जब्त

महासमुंद/ सिंघोड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर गांजा परिवहन करते राजस्थान निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 27.590 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति पीठ्ठू बैग में गांजा लेकर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की। इस दौरान पैदल आ रहे चार संदिग्धों को रोककर पूछताछ और उनके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा फुलबानी, जिला कंधमाल (ओडिशा) से अहमदाबाद, गुजरात लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27.590 किलो गांजा के अलावा चार मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 25 हजार 500 रुपये है, भी जब्त किए। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 14 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
चारों आरोपी राजस्थान के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28), प्रवीण कुमार पटेल (24), संजय सिंह (25) और नारायण वाराडी (46) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पिनवाड़ा थाना पिनवाड़ा, जिला सिरोही, राजस्थान के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।