महासमुंद/ तेंदूकोना: पुराने बर्तन और सोने-चांदी के आभूषण चमकाने का झांसा देकर ठगी, झारखंड की महिला गिरफ्तार

महासमुंद/ तेंदूकोना। पुराने बर्तनों को नया करने और सोने-चांदी के आभूषणों की डिजाइन बदलने का झांसा देकर महिलाओं से कीमती सामान लेकर फरार होने वाली एक महिला को तेंदूकोना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का सोने का हार, मोबाइल फोन, डिजिटल तौल मशीन सहित विभिन्न प्रकार के बर्तन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच एक महिला तेंदूकोना थाना क्षेत्र में घर-घर जाकर महिलाओं को पुराने एवं टूटे-फूटे बर्तनों को नया बनाकर देने का भरोसा दिला रही थी। इसके साथ ही वह सोने-चांदी के आभूषणों को कंप्यूटर में स्कैन कर नई डिजाइन तैयार करने और इसके बदले रुपये मिलने का प्रलोभन भी देती थी।
महिलाएं उसके झांसे में आ गईं और अपने कीमती आभूषण व पुराने बर्तन उसे सौंप दिए। इसके बाद महिला सामान वापस किए बिना वहां से फरार हो गई। मामले में तेंदूकोना निवासी श्रीमती कीर्ति दीवान की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 139/2026, धारा 318(3), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रांची से पकड़ी गई आरोपिया
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपिया की पहचान गीता देवी (20 वर्ष), पति पोचन मल्हार, निवासी काटाटोली, थाना एवं जिला रांची, झारखंड के रूप में की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपिया के कब्जे से गेहूं दाना आकार के 10 नग वाला सोने का एक माला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, एक मोबाइल फोन, छोटी डिजिटल तौल मशीन तथा स्टील, जर्मन, पीतल और कांसा के नए-पुराने बर्तन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर अपने सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान अथवा घरेलू बर्तन किसी को न सौंपें। पुराने बर्तन नया करने या आभूषणों की डिजाइन बदलने के नाम पर प्रलोभन देने वाले लोगों से सावधान रहें। पुलिस ने बाहरी एवं अनजान फेरीवालों या खरीदी-बिक्री करने वाले व्यक्तियों के क्षेत्र में घूमने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं।