बसना

सरायपाली/बसना। तोषगांव पंचायत भवन से मंडी मार्ग तक 450 मीटर सड़क का होगा निर्माण, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगी आवागमन में राहत

तोषगांव को मिलेगी बेहतर सड़क की सौगात, 20.80 लाख से बनेगी सीसी सड़क

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ सरायपाली/बसना। ग्राम पंचायत तोषगांव में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री समग्र मद से 20 लाख 80 हजार रुपये की लागत से पंचायत भवन से मंडी मार्ग तक 450 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।

सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी। गांव का यह प्रमुख मार्ग न केवल स्थानीय ग्रामीणों के आवागमन का माध्यम है, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों और विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। सड़क की स्थिति को बेहतर बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब निर्माण कार्य स्वीकृत होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है।

सीसी सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के साथ गांव की बुनियादी अधोसंरचना को भी मजबूती मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति कुमारी भास्कर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल केंदुआ अध्यक्ष टंकधर साव, जनपद सदस्य राजेश मेहर, जनपद सदस्य उद्धव नंद, विधाभूषण सतपथी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच मोहित रौतिया एवं सचिव अजय भोई उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। सड़क किसी भी क्षेत्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होती है। बेहतर सड़क से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय-सीमा में पूरा होगा, जिससे ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकेगा। साथ नए पंचायत भवन निर्माण में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति कुमारी भास्कर ने कहा कि युवा सरपंच मोहित रौतिया के नेतृत्व में गांव में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सरपंच के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि 27 जून 2026 को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित स्वच्छता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ग्राम पंचायत को सम्मानित किया गया था। उन्होंने गांव के विकास और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।

इस दौरान सरपंच मोहित रौतिया ने गांव में सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने गांव के पुराने एवं जर्जर पंचायत भवन की समस्या उठाते हुए नए पंचायत भवन के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान भवन काफी पुराना हो चुका है, जिससे पंचायत के कामकाज के लिए बेहतर भवन की आवश्यकता है। इस दौरान बाबूलाल राणा, पूर्णानंद बेहरा, चंद्रभूषण पात्र, मनोज सतपथी, पंचगण मनोज सतपथी, चूड़ामणी प्रधान, किरण विशाल, नरेन्द्र डड़सेना, देवकी दास, रेशम प्रधान, विष्णु तांडी, समरू तांडी, पीताम्बर यादव, योगेश प्रधान, रितेश बारीक, गणेश गिलहरे, ऋषिकेश प्रधान और प्रेमानंद सतपथी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

Back to top button