महासमुंद: राज्यस्तरीय शालेय क्रिकेट अंडर-17 में महासमुंद के चार खिलाड़ियों का चयन
श्री शिवाय क्रिकेट अकादमी के विधान, संकल्प, हेमराज और गुणज रायपुर संभाग की टीम में शामिल

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। राजनांदगांव में आयोजित राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में रायपुर संभाग की बालक अंडर-17 क्रिकेट टीम के लिए श्री शिवाय क्रिकेट अकादमी, महासमुंद के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।
रायपुर संभाग की टीम में चयनित खिलाड़ियों में विधान तिवारी, संकल्प रात्रे, हेमराज साहू एवं गुणज बिंझेकर शामिल हैं। चारों खिलाड़ियों के चयन से श्री शिवाय क्रिकेट अकादमी सहित जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं एनआईएस क्रिकेट कोच तृपेश कुमार साहू ने बताया कि खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रायपुर संभाग एवं महासमुंद जिले का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों के चयन पर सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, गणेश कोसरे, शैलेश शुक्ला एवं क्रिकेट कोच तृपेश साहू ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।