महासमुंद/बसना: NH-53 पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को इनोवा ने मारी टक्कर, दोनों पैर सहित शरीर में आई चोटें

CG भूमि न्यूज़ महासमुंद/बसना। ग्राम पौंसरा के पास NH-53 पर सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा BNS की धारा 125(a) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पौंसरा निवासी घनश्याम प्रधान ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 की सुबह उनके चाचा मकरध्वज प्रधान साइकिल से अपने खेत की ओर जा रहे थे। करीब सुबह 8:25 बजे वे NH-53 सड़क पर ग्राम पौंसरा क्रासिंग के पास सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान सरायपाली की ओर से आ रही इनोवा कार क्रमांक CG13C7877 के चालक थोमस मिरी द्वारा वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मकरध्वज प्रधान को टक्कर मारने की बात रिपोर्ट में कही गई है। टक्कर लगने से वे सड़क पर गिर गए और उनके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं तथा खून निकलने लगा।
हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें अपनी स्विफ्ट कार से उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।