पटेवा

महासमुंद/पटेवा: ऑपरेशन निश्चय में बड़ी कार्रवाई: 88 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के 6 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

44 लाख के गांजे समेत 53.73 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, पायलेटिंग कर रही स्विफ्ट डिजायर और गांजा परिवहन में इस्तेमाल पिकअप भी पकड़ी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद/पटेवा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पटेवा पुलिस और एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के छह कथित अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पिकअप वाहन, पायलेटिंग में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, नगदी और सात मोबाइल समेत कुल 53 लाख 73 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MH-46 X-5682 और सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MH-21 BH-9873 के माध्यम से गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पटेवा थाना पुलिस ने NH-53 पर थाना के सामने नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई। तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक पिकअप में लदी तीन प्लास्टिक बोरियों से कुल 88 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये बताई गई।

53.73 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा 5 लाख रुपये कीमत की पिकअप, 4 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार, 28,600 रुपये नगद और करीब 45 हजार रुपये कीमत के सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 53,73,600 रुपये बताई गई है।

महाराष्ट्र के छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गांजा परिवहन के आरोप में सिद्धार्थ दानडे, सचिन मदन सोनवानी और बद्रीनाथ प्रहलाद राव खुरमुटे को गिरफ्तार किया है। वहीं पायलेटिंग वाहन में सवार शंकर तुकाराम डिगे, विशाल संतोष खाडे और दीपक खर्से को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के जालना जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गांजा ओडिशा के बरगढ़ जिले के कटामाल क्षेत्र से लाकर महाराष्ट्र में खपाने की बात सामने आई है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। गांजा कहां से खरीदा गया और इसे महाराष्ट्र में किसे पहुंचाया जाना था, इस संबंध में भी जांच जारी है।

मामले में थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(ख) एवं 29(1) में अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन तक तस्करी नेटवर्क की प्रत्येक कड़ी तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

Back to top button