महासमुंद/पिथौरा: कलार समाज के प्रांतीय महोत्सव में दिखी सामाजिक एकता, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित
छत्तीसगढ़ प्रांतीय कलार महोत्सव संपन्न: बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मातृशक्ति को किया सम्मानित, एकजुटता का दिया संदेश

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना/पिथौरा। बसना विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मुख्यालय पिथौरा में छत्तीसगढ़ प्रांतीय कलार समाज के तत्वावधान में प्रांतीय कलार महोत्सव का गरिमामय एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित महिला महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस राज्यस्तरीय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर प्रांतीय पदाधिकारियों, स्थानीय समाज प्रमुखों एवं मातृशक्ति द्वारा मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का पुष्पगुच्छ, आरती एवं पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात् विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समाज के इष्टदेव भगवान सहस्त्रबाहु एवं आराध्य देवी-देवताओं के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत् शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु से बसना विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़वासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर समृद्धि की प्रार्थना की।
महोत्सव को संबोधित करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समाज के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कलार समाज का इतिहास सदैव परिश्रम, अटूट निष्ठा, दानशीलता और सेवाभाव का प्रतीक रहा है। एक संगठित और जागरूक समाज ही विकास की मुख्यधारा से जुड़कर क्षेत्र व राष्ट्र की उन्नति में भागीदार बन सकता है। उन्होंने सामाजिक बंधुओं से आह्वान किया कि समय के साथ रूढ़िवादिता और सामाजिक कुरीतियों को पीछे छोड़कर आधुनिक शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं युवा पीढ़ी के तकनीकी व कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करना होगा। विधायक डॉ. अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि समाज के सर्वांगीण विकास और जनहित के प्रत्येक कार्य में वे सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़े है।
मातृशक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि जिस समाज में नारी का सम्मान और सहभागिता सुनिश्चित होती है, वह समाज स्वतः प्रगतिशील बन जाता है। आज की महिलाएं केवल चूल्हा-चौका तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, प्रशासन, व्यापार और समाजसेवा में अपनी अमिट छाप छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के समान अवसर मिलने चाहिए ताकि वे हर मंच पर समाज का नाम रोशन कर सकें।
महिला सम्मान समारोह के अंतर्गत शिक्षा, समाजसेवा, स्व-सहायता समूह, संस्कृति एवं विशिष्ट क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज को गौरवान्वित करने वाली मातृशक्तियों को विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मंच से प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान मातृशक्ति के संघर्ष, समर्पण और नेतृत्व क्षमता की पावती है, जिससे आने वाली पीढ़ी की बालिकाओं को भी आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
महोत्सव के दौरान समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा पर आधारित सुआ, करमा, पंथी और देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस भव्य आयोजन में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा,प्रदेश अध्यक्ष महिला मंच प्रमिला पुनीत सिन्हा,प्रदेश अध्यक्ष कलार समाज युवराज सिन्हा,सभापति जिला पं. रामदुलारी सिन्हा,जिला अध्यक्ष महासमुंद डॉ. नीरज गजेन्द्र,प्रदेश संरक्षक महिला मंच किरण सिन्हा,जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी,महामंत्री महिला मंच त्रिवेणी सिन्हा,कोषाध्यक्ष महिला मंच संजू सिन्हा ,प्रदेश उपाध्यक्ष सीताराम सिन्हा,प्रदेश महामंत्री युवा मंच तोखन सिन्हा,प्रदेश कोषाध्यक्ष युवा मंच लिलेश सिन्हा,पूर्व प्रदेश महामंत्री प्रेमलाल सिन्हा,पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष डामन सिन्हा ,सभापति जनपद पं. बसना प्रकाश सिन्हा,शिवप्रसाद डड़सेना,जिला अध्यक्ष रायपुर राजेन्द्र सिन्हा,जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार भुवन जायसवाल,सुमित सिन्हा,जिला अध्यक्ष मानपुर मोहला तुलाराम सिन्हा ,मुख्य निर्वाचन अधिकारी सेवाराम सिन्हा,ताम्रध्वज सिन्हा,भागवत प्रसाद सिन्हा,लता सिन्हा,बसंती सिन्हा,बहादुर सिन्हा,संरक्षक कौड़िया परिक्षेत्र प्रेमलाल सिन्हा,पूर्व प्रदेश महामंत्री युवा मंच रमेश सोनवानी,दिलीप सिन्हा,मितेश्वरी सिन्हा,पूर्व जिला अध्यक्ष महासमुंद बुद्धेश्वर डड़सेना,जिला महामंत्री महासमुंद परमेश्वर डड़सेना,जिला अध्यक्ष भिलाई सुमन सिन्हा ,छत्तीसगढ़ प्रांतीय कलार समाज के शीर्ष पदाधिकारी, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष,महासमुंद के सभी मंडलेश्वर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, वरिष्ठ सामाजिक बंधु ,महिला मंच के सभी जिला अध्यक्ष एवं विशाल संख्या में मातृशक्ति व युवा उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम सामाजिक समरसता, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।