सांकरा:

महासमुंद: सांकरा के लाटादादर से 27 वर्षीय विवाहिता लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सांकरा।
महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाटादादर से 27 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 27 नवंबर की दोपहर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैशाखू राम भोई (45 वर्ष) अपनी पत्नी संतोषिनी भोई (27 वर्ष) के साथ ग्राम लाटादादर में किराये के मकान में रहते हैं। 27 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे संतोषिनी बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने अपने स्तर पर आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने 29 नवंबर को सांकरा थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर गुम इंसान क्रमांक 34/2026 दर्ज किया है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध क्रमांक 207/2026 पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, महिला के लापता होने की परिस्थितियों और उसकी सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

लापता महिला का हुलिया: संतोषिनी भोई की उम्र 27 वर्ष, रंग सांवला, चेहरा गोल और कद करीब 5 फीट 2 इंच है। घर से निकलते समय उन्होंने पीले रंग की साड़ी पहनी थी और नाक में सोने की फुली पहन रखी थी। वे हिंदी, छत्तीसगढ़ी और उड़िया भाषा बोलती हैं तथा 12वीं तक पढ़ी हैं।

पुलिस ने महिला की गुमशुदगी की सूचना संबंधित जिला शाखा को भेज दी है। फिलहाल उनकी तलाश जारी है।

Back to top button