परिसीमन बिल पर DMK का समर्थन, INDIA गठबंधन में बढ़ी मुश्किलें
परिसीमन बिल पर DMK का साथ, विपक्ष को झटका!

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। नई दिल्ली।
केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के भीतर मतभेद उभरकर सामने आए हैं। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन के इस रुख से विपक्षी दलों की साझा रणनीति को झटका लग सकता है।
चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के बाद स्टालिन ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव में डीएमके की दो अहम मांगों को जगह दी है। इसी आधार पर पार्टी ने विधेयक के समर्थन का फैसला किया है।
स्टालिन के अनुसार, डीएमके चाहती थी कि लोकसभा में तमिलनाडु की वर्तमान 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में कोई कमी न आए। इसके अलावा राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग भी की गई थी। पार्टी प्रमुख ने कहा कि तमिलनाडु और वहां के लोगों के हित उनके लिए सर्वोपरि हैं।
राहुल गांधी ने स्टालिन से की थी अपील
डीएमके के फैसले से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने बताया कि विपक्ष की ओर से स्टालिन को अपना पक्ष समझाने का प्रयास किया गया है। राहुल ने तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने की अपील करते हुए कहा कि स्टालिन इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं, यह देखना होगा।
विपक्षी गठबंधन की रणनीति को झटका
परिसीमन विधेयक के विरोध में विपक्षी दलों ने हाल ही में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की थी। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई नेताओं ने 29 नवंबर को एमके स्टालिन से मुलाकात की। बताया गया कि नेताओं ने उनसे अपने रुख पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया था।
हालांकि, डीएमके ने अपनी मांगों को प्रस्ताव में शामिल किए जाने के आधार पर समर्थन का फैसला किया है। इस घटनाक्रम के बाद परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन के भीतर अलग-अलग राजनीतिक रुख सामने आने लगे हैं।