पिथौरा

पिथौरा : ग्राम टेका में मन की बात का भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी, स्वप्निल तिवारी रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। पिथौरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का रविवार को महासमुंद जिले के पिथौरा मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत टेका में सामूहिक श्रवण किया गया। बूथ क्रमांक 29 पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बढ़ाने और सरकारी कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने नशे की आदत को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए नशामुक्ति के प्रयासों और इससे बाहर निकलकर नई शुरुआत करने वाले लोगों के अनुभवों का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने डिजिटल सुरक्षा के संदर्भ में ‘संचार साथी’ प्लेटफॉर्म की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी पर रोक लगाने और गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में मदद मिल रही है। इसके साथ ही ‘iGOT कर्मयोगी’ डिजिटल मंच के जरिए सरकारी कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में फिटनेस, साइकिलिंग, खेल, कला, संग्रहालयों और समाजसेवा से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे सकारात्मक और जनहितकारी कार्यों को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। तिवारी ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए डिजिटल जागरूकता को जरूरी बताते हुए नागरिकों से सरकारी सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण कार्यकर्ताओं और आम लोगों को एक साथ जोड़ने का अवसर देता है। प्रधानमंत्री के संदेशों को व्यवहार में अपनाकर नशामुक्त समाज, डिजिटल सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में सहकारी समिति अध्यक्ष रामचरण साहू, डॉ. संजय गोयल, राजा शुक्ला, साहित्यकार संजय गोयल, पवन अग्रवाल, किशन साहू, वेदप्रकाश साहू, गजानंद ठाकुर, रोहित पटेल, सनत बरिहा, संदीप पांडे, संतोष यादव, सरिता साहू, नूरी निशा, लक्ष्मण बरिहा, बलराम साहू, नीरू बाई भोई, संध्या साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Back to top button