महासमुंद में बाइक चोर गिरफ्तार, 8 मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल बरामद

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
महासमुंद पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कथित शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 8 मोटरसाइकिलें तथा 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धनसुली निवासी बसंत कुमार साहू ने 13 अक्टूबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत महासमुंद थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी दौरान 27 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि महासमुंद बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान घनश्याम ध्रुव (31 वर्ष), निवासी टिकरापारा झलप के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुल 8 मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात बताई। इनमें से तीन मोटरसाइकिलें उसने अपने पास रखी थीं, जबकि पांच अन्य मोटरसाइकिलें अलग-अलग लोगों के पास गिरवी रख दी थीं। पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 14 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी घनश्याम ध्रुव को 27 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई में बरामद वाहन
पुलिस ने कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस और हीरो एचएफ डीलक्स मॉडल शामिल हैं। बरामद वाहनों के पंजीयन क्रमांक CG 04 RV 8963, CG 06 GD 8748, CG 04 MT 0648, CG 06 GK 0473, CG 04 MU 4374, CG 06 GL 4309, CG 06 GH 6899 और CG 04 MY 1036 हैं। इसके साथ ही 14 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।