महासमुंद

तुमगांव: NH-53 पर बाइक की टक्कर से सहायक शिक्षक घायल, मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। तुमगांव।
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम अमावश मोड़ के आगे सड़क दुर्घटना में एक सहायक शिक्षक घायल हो गए। आरंग से अपने गांव पचरी लौट रहे शिक्षक की इलेक्ट्रिक स्कूटी को सामने से आ रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी को नुकसान पहुंचा, जबकि शिक्षक के हाथ में चोट आई है। मामले में तुमगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पचरी निवासी धनपाल कुर्रे (34 वर्ष) रायपुर जिले के ग्राम रसनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। 25 नवंबर 2026 को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वे अपनी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रमांक CG 06 HE 8330 से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे NH-53 पर ग्राम अमावश मोड़ के आगे विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 H 7167 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और धनपाल के दाएं हाथ के अंगूठे के पास खरोंच आई, जबकि बाएं हाथ में दर्द होने लगा।

घटना के बाद वे तुमगांव थाना पहुंचे, जहां से चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टर ने एक्स-रे कराने की सलाह दी थी। इसके बाद 27 नवंबर को एक्स-रे कराने के बाद उन्होंने 28 नवंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Back to top button