महासमुंद

महासमुंद: कोमाखान क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती लापता, दो दिन से तलाश में जुटे परिजन

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। कोमाखान।
महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम लामीसरार से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 26 नवंबर की शाम घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज जानकारी के मुताबिक, ग्राम लामीसरार निवासी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी (19 वर्ष) 26 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। परिचितों और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी युवती के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली।

परिजनों की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 47/26 दर्ज कर मामले की जांच और पतासाजी शुरू कर दी है। युवती के लापता होने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत भी अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार, इस धारा की प्रयोज्यता जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों पर निर्भर करेगी।

लापता युवती का हुलिया: उम्र 19 वर्ष, कद करीब 5 फीट, चेहरा गोल, बाल काले, रंग गोरा और शरीर दुबला-पतला है। लापता होते समय उसने काले रंग की जींस और गुलाबी रंग का टॉप पहन रखा था। उसके पैरों में चांदी की पायल थी। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है। पुलिस ने युवती की जानकारी कंट्रोल रूम और जिला स्तर की संबंधित शाखा को भेज दी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Back to top button