पटेवा

महासमुंद/पटेवा: गर्भवती रानी हत्याकांड में फरार बड़ा पिता झारखंड से गिरफ्तार

प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने गर्भवती रानी की हत्या की थी, फरार बड़ा पिता झारखंड से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद/पटेवा।
प्रेम विवाह से नाराज होकर अपनी ही बेटी की हत्या करने के मामले में महासमुंद पुलिस को एक और सफलता मिली है। छह माह पहले ग्राम तुरेंगा के खेत में मिली 19 वर्षीय रानी कुमारी सिंह की हत्या के मामले में फरार आरोपी उसके बड़े पिता राजेश सिंह को झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके पिता और चाचा-बड़े पिता ने मिलकर साजिश रचकर की थी। मामले में पिता की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी चाचा अब भी फरार है।

खेत में मिला था युवती का शव
मामले की शुरुआत 17 जून 2026 को हुई थी। पटेवा थाना क्षेत्र में टूररडीह से रायतुम जाने वाले मार्ग पर ग्राम तुरेंगा के पास एक खेत में युवती का शव बरामद हुआ था। मृतका के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले थे। जांच के दौरान उसकी पहचान रानी कुमारी सिंह (19 वर्ष), निवासी बागबाहरा के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

प्रेम विवाह को लेकर परिजन थे नाराज
पुलिस जांच में सामने आया कि रानी मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी और कई वर्षों से बागबाहरा में अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान प्रेम कुमार ध्रुव से हुई। दोनों ने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध विवाह कर साथ रहना शुरू कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, इस विवाह को लेकर रानी के पिता उमेश सिंह नाराज थे। आरोप है कि उन्होंने अपने भाइयों दिनेश सिंह और राजेश सिंह के साथ मिलकर रानी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। तीनों आरोपी 16 जून को रानी को उसके ससुराल से बाइक पर जबरन ले गए और तुरेंगा के पास सुनसान जगह पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के समय रानी छह माह की गर्भवती थी।

पिता पहले गिरफ्तार, बड़ा पिता झारखंड से पकड़ा गया
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद राजेश सिंह और दिनेश सिंह फरार थे।

लगातार तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेसिंग के बाद पुलिस को राजेश सिंह के झारखंड के पलामू जिले में होने की जानकारी मिली। टीम ने उसके गृह क्षेत्र कजरूखुर्द के आसपास तलाश और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब मामले में फरार आरोपी दिनेश सिंह की तलाश कर रही है। पटेवा थाने में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में दर्ज हत्या के मामले की विवेचना जारी है।

Back to top button