खास खबरें

CG :उत्तरी छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन, तेजी से लुढ़का रात का पारा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। CHHATTISGARH।
प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर सहित मैनपाट, बलरामपुर और सूरजपुर इलाकों में बीते तीन से चार दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। तापमान लुढ़कने से सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।

सुबह छाया कोहरा, अलाव का सहारा ले रहे लोग
उत्तर भारत की ओर से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के प्रभाव से रात के समय सर्दी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। सुबह के वक्त ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ठंड से बचने के लिए लोग सुबह-शाम गर्म कपड़ों के साथ-साथ अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी बने रहने के कारण आने वाले दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य छत्तीसगढ़ (रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग) में भी रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है, जिससे पूरे प्रदेश में ठंड का असर और तेज होगा।

Back to top button