कोमाखान

महासमुंद:ओडिशा से दिल्ली दो कारों में छिपाकर ले जा रहे थे 42.55 लाख का गांजा महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने 71.67 लाख रुपये की संपत्ति की जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद।
जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-353 के टेमरी नाका पर घेराबंदी कर दो कारों से 85 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला सहित उत्तरप्रदेश और बिहार के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 42 लाख 55 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को कोमाखान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के खरियार रोड की ओर से दो संदिग्ध कारें एक साथ बागबाहरा की तरफ आ रही हैं। इनमें अवैध गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टेमरी नाका के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की दोनों कारें वहां पहुंचीं, जिन्हें पुलिस ने रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वॉक्सवैगन कार की डिक्की से चार प्लास्टिक बोरियों में रखे 14 पैकेट गांजा मिले। वहीं दूसरी महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार से भी 14 पैकेट बरामद किए गए। दोनों वाहनों से कुल 85.080 किलोग्राम गांजा मिला।

ओडिशा से दिल्ली और इटारसी पहुंचाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र से लाया गया था। इसे मध्यप्रदेश के इटारसी और दिल्ली में पहुंचाकर बेचने की योजना थी। पुलिस ने इस तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों के साथ आरोपियों के मोबाइल फोन और नकदी भी अपने कब्जे में ले ली।

उत्तरप्रदेश और बिहार के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल शेख (38 वर्ष), निवासी आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश), रिया पटेल (22 वर्ष), निवासी कानपुर (उत्तरप्रदेश), शुभम सिंह (20 वर्ष), निवासी समस्तीपुर (बिहार संबंधी पते के अनुसार) तथा राजा कुमार (24 वर्ष), निवासी छपरा (बिहार) के रूप में की है।

71.67 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा दो कारें, पांच मोबाइल फोन और 2 लाख 30 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 71 लाख 67 हजार 500 रुपये बताया गया है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C), 27(a) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कोमाखान पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से दूसरे राज्यों तक गांजा पहुंचाने की कोशिश कर रहे तस्करों की योजना पर पानी फिर गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की खरीद-बिक्री से संबंधित कड़ियों की जांच में जुटी है।

Back to top button