CG : बीमारी ठीक करने और औलाद दिलाने का झांसा देकर ठगी का आरोप, 4.5 लाख लेने के बाद बच्चे की मौत
खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताता था कथित बाबा, डेढ़ लाख से अधिक के ऑनलाइन लेनदेन के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे; मोहल्लेवासियों ने की कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | अंबिकापुर।
अंधविश्वास और चमत्कार के दावों के सहारे लोगों को अपने जाल में फंसाकर कथित रूप से पैसे वसूलने का मामला अंबिकापुर में सामने आया है। शहर के रसूलपुर इलाके में रहने वाले एक कथित बाबा पर बीमारी दूर करने, निसंतान दंपतियों को संतान दिलाने और नौकरी लगवाने जैसे दावे कर लोगों से लाखों रुपये लेने का आरोप लगा है। मामले से नाराज स्थानीय लोगों ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जिन्नात और रूहानी ताकतों के नाम पर भरोसा जीतने का आरोप
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, रसूलपुर में कथित बाबा ने ‘रकह बाबे शिफा’ के नाम से अपना ठिकाना बना रखा था। वह खुद को उत्तरप्रदेश के जौनपुर का रहने वाला बताता था। आरोप है कि वह अपनी कथित आध्यात्मिक शक्तियों और जिन्नात पर नियंत्रण होने की बात कहकर लोगों को प्रभावित करता था। इसी भरोसे के आधार पर वह उनकी निजी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का दावा करता था।
औलाद और नौकरी दिलाने से लेकर मृत व्यक्ति को जिंदा करने तक के दावे
मिडिया रिपोट्स के अनुसार स्थानीय निवासी अनीश वारसी सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कथित बाबा लोगों को संतान प्राप्ति, गंभीर बीमारियों से मुक्ति और रोजगार दिलाने का भरोसा देता था। यहां तक कि उसके द्वारा मृत व्यक्ति को दोबारा जीवित करने जैसी असंभव बातें भी कही जाती थीं।
शिकायत में दावा किया गया है कि इन बातों पर विश्वास कर कई लोगों ने फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में डेढ़ लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया। शिकायतकर्ताओं ने लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट की प्रतियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं।
बच्चे के इलाज के नाम पर 4.5 लाख रुपये लेने का गंभीर आरोप
इस मामले में सबसे गंभीर आरोप एक बीमार बच्चे के उपचार से जुड़ा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि एक परिवार से बच्चे को ठीक करने का भरोसा देकर कथित तौर पर करीब 4 लाख 50 हजार रुपये लिए गए थे। हालांकि, लगभग दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। रकम वापस मांगने पर कथित बाबा ने जिन्नात के जरिए परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
कोतवाली थाने में शिकायत, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित गतिविधियां पिछले करीब एक साल से संचालित की जा रही थीं। मामले को गंभीर बताते हुए मोहल्लेवासियों ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कराने और कथित बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस के समक्ष शिकायत और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं। हालांकि, कथित बाबा पर लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कितने लोगों से रकम ली गई और पूरे मामले में वास्तविकता क्या है।