पिथौरा

पिथौरा: सरईटार के जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ! पुलिस की रेड में 9 जुआरी गिरफ्तार

ताश के 52 पत्तों से लगा रहे थे दांव, 1.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; चार बाइक और 9 मोबाइल भी पुलिस ने किए जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | पिथौरा।
जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिथौरा थाना पुलिस ने ग्राम सरईटार के जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर नौ लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 51 हजार 900 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरईटार के जंगल में कुछ लोग एक जगह इकट्ठा होकर ताश के 52 पत्तों से काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। इस दौरान रुपये-पैसों का दांव भी लगाया जा रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पिथौरा पुलिस की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की।

पुलिस की अचानक कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर नौ लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास और जुए के फड़ से 6,900 रुपये नकद, नौ मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल बरामद हुईं। जब्त मोबाइल की कीमत 45 हजार रुपये और मोटरसाइकिलों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 52 पत्ती ताश भी जब्त की गई।

लहरौद के सात लोगों सहित नौ आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में महेन्द्र साहू निवासी पिथौरा, सागर यादव निवासी मेमरा, जबकि कोमल पटेल, राजकुमार पटेल, विश्राम निषाद, हरकेश रवि, मनीष ध्रुव, कमल नारायण पटेल और गंगाराम यादव निवासी लहरौद शामिल हैं।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 320/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। महासमुंद पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Back to top button