रायगढ़

CG: बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या: शराब पीने से मना करने पर बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | रायगढ़।
जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानी सागर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने की आदत को लेकर पिता की समझाइश से नाराज बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी जान ले ली। इस घटना में 62 वर्षीय धरम गिरी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके 40 वर्षीय बेटे राजकुमार गिरी को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजकुमार गिरी को शराब पीने की लत थी। उसके पिता धरम गिरी अक्सर उसे नशे से दूर रहने की सलाह देते थे। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर के पिछले हिस्से पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से धरम गिरी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के मुताबिक, शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस वारदात ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। जिस पिता ने अपने बेटे को नशे से दूर रखने की कोशिश की, उसी की जान चली गई। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button