महासमुंद

महासमुंद: धान खरीदी के लिए DCS एवं PV ऐप में फसल प्रविष्टि संबंधी दावा-आपत्तियों का सत्यापन कर निराकरण करने के निर्देश

खसरा मैपिंग एवं फसल संबंधी विसंगतियों का भौतिक सत्यापन कर 30 नवंबर तक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
रीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए DCS एवं PV ऐप के माध्यम से फसल प्रविष्टि से संबंधित प्राप्त दावा-आपत्तियों का सत्यापन कर खसरा एवं फसल संबंधी विसंगतियों का निराकरण किया जाएगा।इस संबंध में निर्देशों के अनुरूप खाद्य एवं राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशानुसार ऐसे कृषकों के खसरे, जो फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनकी मैपिंग संबंधित समिति के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए समिति की आईडी में “एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें” विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खसरा मैपिंग की कार्यवाही धान खरीदी अवधि अर्थात 15 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसी प्रकार, DCS में अन्य फसल दर्ज होने के बावजूद धान बोने का दावा करने वाले कृषकों तथा DCS एवं PV ऐप में फसल प्रविष्टि हेतु उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे खसरों का संबंधित तहसीलदार के माध्यम से विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर खेत में वास्तविक फसल एवं फसल क्षेत्रफल का परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक प्रकरण में मौका पंचनामा तैयार कर वास्तविक फसल स्थिति प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।

सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करते हुए फसल प्रविष्टि एवं संशोधन संबंधी अग्रिम कार्यवाही के लिए 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर विनय लंगेह ने महासमुंद जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों एवं खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राप्त दावा-आपत्तियों का गंभीरता से सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा फसल एवं भूमि संबंधी अभिलेखों में पारदर्शिता और शुद्धता बनी रहे, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही करें।

Back to top button