महासमुंद

महासमुंद: तीन दिवसीय PPIUCD प्रशिक्षण का आयोजन, स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रसव पश्चात परिवार नियोजन सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल – सीएमएचओ डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, महासमुंद में 25 नवंबर 2026 से स्टाफ नर्स (SN) के लिए तीन दिवसीय PPIUCD (प्रसव पश्चात अंतर्गर्भाशयी गर्भनिरोधक साधन) प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों की तकनीकी दक्षता एवं कौशल में वृद्धि करना तथा जिले में प्रसव पश्चात परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को PPIUCD की उपयोगिता, पात्र लाभार्थियों का चयन, सुरक्षित प्रक्रिया, संक्रमण की रोकथाम, आवश्यक सावधानियों, संभावित जटिलताओं के प्रबंधन एवं फॉलोअप सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति महिलाओं को जागरूक करने एवं प्रभावी परामर्श प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सीएमएचओ डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने कहा कि “मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा में परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रसव के बाद महिलाओं को सुरक्षित एवं प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्प उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

PPIUCD एक सुरक्षित, प्रभावी एवं लंबे समय तक गर्भनिरोध प्रदान करने वाला साधन है। इस प्रशिक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी तथा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाओं का विस्तार होगा। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला को उसकी स्वैच्छिक सहमति एवं आवश्यकता के अनुरूप उचित परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध हों।

प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में प्रसव पश्चात परिवार नियोजन सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकें।

Back to top button