बसना

महासमुंद: बसना पुलिस ने पकड़ी 90 लाख की चांदी, 3.39 लाख कैश और कार समेत 1.03 करोड़ का माल जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद/बसना ।
जिले में अवैध परिवहन और संदिग्ध संपत्ति की आवाजाही पर नजर रख रही बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पलसापाली में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी छह सिल्लियां बरामद की हैं। इसके साथ ही 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले हैं। बरामद सामग्री और वाहन समेत पुलिस ने कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को पलसापाली अंतर्राज्यीय नाका पर बसना पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23Q 9222 को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू निवासी बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद सवार थे।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीटों पर रखे छह काले बैग मिले। इनमें प्लास्टिक के डिब्बों में पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट और करधन सहित विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इसके अलावा चांदी जैसे बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां भी बरामद हुईं। सभी सामग्री का कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये आंकी गई है।

दस्तावेज नहीं दिखा सके वाहन सवार
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के स्वामित्व, खरीदी-बिक्री तथा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। इसमें जीएसटी बिल, ई-वे बिल सहित अन्य जरूरी कागजात शामिल थे। हालांकि, दोनों व्यक्ति मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध संपत्ति होने की आशंका पर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 किलो 528 ग्राम चांदी जैसी सामग्री, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, जब्त कर ली। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताया गया है।

बसना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत संपत्ति जब्त कर विधिवत सीलबंद की है। साथ ही धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए। मामले की जानकारी छत्तीसगढ़ जीएसटी विभाग के आयुक्त को भी भेजी गई है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button