सांकरा :परसवानी के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण, अस्पताल और ब्यूटी पार्लर में लिया व्यावहारिक ज्ञान
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आज विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण कराया गया।

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सांकरा/परसवानी।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आज विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में हेल्थकेयर ट्रेड के कक्षा 10वीं व 11वीं के विद्यार्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अस्पताल पिथौरा गए। वहीं ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को CHC अस्पताल पिथौरा और शिखा ब्यूटी पार्लर साकरा, दोनों जगह भ्रमण कराया गया।
CHC अस्पताल पिथौरा में विद्यार्थियों ने मरीजों की देखभाल, ब्लड प्रेशर व शुगर जांच, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता, टीकाकरण और अस्पताल की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान व्यावसायिक शिक्षिका नेहा महिलाने ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी बारीकियों को समझाया। डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ ने भी विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।
वहीं शिखा ब्यूटी पार्लर साकरा में ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड के विद्यार्थियों ने स्किन केयर, हेयर केयर, फेशियल, मेकअप, मैनीक्योर-पेडीक्योर और हाइजीन के नियमों को करीब से समझा। इस दौरान व्यावसायिक शिक्षिका लवली भगत ने विद्यार्थियों को आधुनिक उपकरणों के उपयोग, ग्राहक से व्यवहार और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर व्याख्याता आर. के. पण्डा भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
प्राचार्य पी.के. निर्मलकर ने कहा कि इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव मिलता है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर रोजगार व स्वरोजगार की ओर बढ़ सकेंगे।