CG: गजब कारनामा: सरकारी कागजों में ‘जिंदा’ महिला को बना दिया ‘मृत’, अब ₹14,000 लौटाने का थमाया नोटिस!

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बालोद/रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ में प्रशासनिक लापरवाही का एक बेहद चौंकाने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बालोद जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने ऐसी चूक कर दी है, जिसने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने एक जीवित हितग्राही महिला को कागजों में मृत घोषित करते हुए न केवल अपात्र ठहराया, बल्कि पिछले 14 महीनों में मिली 14,000 रुपये की राशि वापस लौटाने का नोटिस भी थमा दिया है।
खुद के जीवित होने का सबूत लेकर भटक रही महिला
यह अनोखा नोटिस मिलने के बाद पीड़ित महिला और उसका परिवार सदमे में है। अब महिला अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जीवित होने के प्रमाण लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है ताकि वह अधिकारियों को यकीन दिला सके कि वह जिंदा है।
प्रशासन में मचा हड़कंप
मामला उजागर होने और सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना भौतिक सत्यापन (फील्ड वेरिफिकेशन) किए दफ्तर में बैठकर सूची अपडेट करने का यह नतीजा है। अब देखना होगा कि इस बड़ी लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होती है।