महासमुंद

महासमुंद: परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा : प्रशांत पण्डा

महिलाओं के आरक्षण की आड़ में राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा, संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा जरूरी : प्रशांत पण्डा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
देश में परिसीमन को लेकर एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है। आगामी 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना के बीच युवा कांग्रेस महासमुन्द के जिला महामंत्री प्रत्याशी प्रशांत पण्डा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

प्रशांत पण्डा ने कहा कि परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाना भाजपा की बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगा। लोकतंत्र में हर राज्य को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, लेकिन जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्वितरण की प्रक्रिया उन राज्यों के साथ अन्याय नहीं कर सकती, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसंख्या नियंत्रण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। यदि परिसीमन की प्रक्रिया में केवल जनसंख्या को आधार बनाया गया तो बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को ही राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान उठाना पड़ सकता है। यह देश के संघीय ढांचे और राज्यों के अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

पण्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बदलने की कोशिशों पर सवाल उठा रहे हैं। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन इसके लिए राज्यों के बीच राजनीतिक असंतुलन पैदा करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझना होगा कि देश केवल सत्ता और चुनावी गणित से नहीं चलता, बल्कि संविधान, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों से चलता है। परिसीमन पर जल्दबाजी में लिया गया कोई भी फैसला देश की राजनीति में दूरगामी परिणाम पैदा कर सकता है।

प्रशांत पण्डा ने कहा कि भाजपा को राजनीतिक लाभ से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित, राज्यों के अधिकार और लोकतांत्रिक संतुलन को प्राथमिकता देनी चाहिए। अन्यथा परिसीमन का मुद्दा भाजपा के लिए राजनीतिक फायदे के बजाय सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगा।

Back to top button