महासमुंद

महासमुंद: राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत RMA, RHO एवं CHO का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
महासमुंद। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, महासमुंद में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (NLEP) के अंतर्गत ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (RHO) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह कुशवाहा ने कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार एवं दिव्यांगता की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग एक उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान एवं नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं तथा इससे होने वाली दिव्यांगता से भी बचाव संभव है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना आवश्यक है।

इस अवसर पर डॉ. गरिमा झा, त्वचा रोग विशेषज्ञ, मेडिकल कॉलेज महासमुंद ने कुष्ठ रोग के लक्षणों, प्रारंभिक पहचान, जांच एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्वचा पर सुन्न दाग-धब्बे, प्रभावित स्थान पर संवेदना की कमी तथा नसों में मोटापन कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज की शीघ्र जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

वहीं डॉ. मधु राज देवांगन, फिजियोथेरेपिस्ट ने प्रदर्शन (Demonstration) के माध्यम से कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान, शारीरिक परीक्षण, नसों की जांच तथा दिव्यांगता की स्थिति का आकलन करने की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने हाथ, पैर एवं आंखों से संबंधित संभावित समस्याओं की पहचान और दिव्यांगता से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया।

प्रशिक्षण के दौरान कुष्ठ रोग की प्रारंभिक पहचान, बहुऔषधि उपचार (MDT), उपचार की अवधि एवं नियमितता, संपर्क में आए व्यक्तियों की जांच, दिव्यांगता प्रबंधन तथा मरीजों की समुचित देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग के संदिग्ध मरीजों की पहचान, शारीरिक परीक्षण, उपचार के लिए रेफरल तथा उपचार के दौरान मरीजों की नियमित निगरानी से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की समय पर पहचान करें तथा उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें। मरीजों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने की आवश्यकता भी बताई गई।

कार्यक्रम में डॉ. वी.पी. सिंह, जिला कुष्ठ अधिकारी एवं श्रीमती नीलू धृत लहरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के सफल संचालन में एकेश्वर शुक्ला, जिला सलाहकार, हरिशंकर साहू, हेल्थ एजुकेटर एवं सुनील देवदास, मास्टर ट्रेनर ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण में शामिल सभी RMA, RHO एवं CHO प्रतिभागियों को सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता बढ़ाना है, ताकि जिले में कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार, नियमित फॉलोअप एवं दिव्यांगता की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। स्वास्थ्य विभाग महासमुंद कुष्ठ रोग के उन्मूलन एवं कुष्ठ मुक्त जिले के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है

Back to top button