महासमुंद: गांजा तस्करी का नया तरीका बेनकाब, स्कॉर्पियो के गुप्त चेंबर से 21 किलो गांजा बरामद, यूपी का युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद।
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। तेंदूकोना पुलिस ने घेराबंदी कर ओडिशा से उत्तरप्रदेश गांजा लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 21 किलो गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने गांजा, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 13 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को तेंदूकोना थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा स्कॉर्पियो वाहन से गांजा ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम तिलाईदादर चौक के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक OR-02 AL-1188 वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
वाहन चालक की पहचान इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा (24 वर्ष), निवासी ग्राम बसुहार, थाना सरायअकिल, जिला कौशांबी (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी की पिछली सीट के नीचे एक विशेष रूप से तैयार किया गया गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर उसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 21 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से प्रयागराज ले जाकर बेचने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) जा रहा था, जहां इसकी बिक्री की जानी थी। पुलिस के मुताबिक, तस्करी के लिए वाहन में विशेष चेंबर बनवाया गया था, ताकि जांच के दौरान मादक पदार्थ आसानी से पकड़ में न आए।
13.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
तेंदूकोना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो गांजा (10.50 लाख रुपये), तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन (3 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन (1 हजार रुपये) जब्त किया है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 13 लाख 51 हजार रुपये आंका गया है।
इस मामले में थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। महासमुंद पुलिस द्वारा ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।