महासमुंद: गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश, गुजरात के दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार; ओडिशा का युवक भी पकड़ा गया
कंटेनर से मिले 120 किलो गांजे के मामले में सोर्स से डेस्टिनेशन तक पहुंची पुलिस, दोनों कार्रवाइयों में 71.68 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के नेटवर्क पर एक साथ दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में कंटेनर से 120.060 किलो गांजा बरामद होने के मामले में पुलिस ने गुजरात के आनंद जिले से गांजा मंगाने वाले दो कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। वहीं, कोमाखान पुलिस ने बस का इंतजार कर रहे ओडिशा के एक युवक को 3.190 किलो गांजे के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 71 लाख 68 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कंटेनर से गांजा मिलने के मामले में नेटवर्क के मुख्य कड़ी तक पहुंची पुलिस
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के अपराध क्रमांक 107/26 की जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की। इस मामले की शुरुआत 11 सितंबर 2026 को हुई थी, जब मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध कंटेनर की तलाशी ली गई। वाहन के पिछले हिस्से में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से 120.060 किलो गांजा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई थी।
मौके से गुजरात निवासी कंटेनर चालक वसीम शाह और परिचालक अय्यूब खान को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में गांजा ओडिशा के संबलपुर से गुजरात ले जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने गांजा, कंटेनर और दो मोबाइल सहित कुल 70 लाख 8 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य स्रोत की पहचान की और 11 नवंबर को ओडिशा के देवगढ़ जिले के राजेश बेहेरा उर्फ राहुल बेहेरा को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी और जब्त मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुजरात के आनंद जिले तक पहुंच बनाई।
इस कार्रवाई में 26 नवंबर को बोरसद क्षेत्र से वोहरा जावेद भोई (43) और मलिक जाकिर हुसैन उर्फ मंत्री (62) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों इस खेप को मंगाने वाले मुख्य डेस्टिनेशन पॉइंट से जुड़े थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें महासमुंद लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस प्रकरण में अब तक गुजरात के दो परिवहनकर्ता, ओडिशा का एक कथित मुख्य सप्लायर और गुजरात के दो कथित खरीदार गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बस का इंतजार कर रहा युवक गांजे के साथ गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में कोमाखान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टेमरी स्थित काली मंदिर के पास एक युवक को पकड़ा। वह बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा था। तलाशी लेने पर उसके बैग से 3.190 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत 1 लाख 59 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आलेख जगत (26), निवासी माकरागुड़ा, थाना केगांव, जिला कालाहांडी (ओडिशा) के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, वह गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाने की तैयारी में था। उसके पास से गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध केवल माल बरामदगी तक सीमित कार्रवाई नहीं की जा रही, बल्कि गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, परिवहन करने वाले कैरियर और इसे मंगाने वाले डेस्टिनेशन तक पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वित्तीय लेन-देन और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
दोनों मामलों में कुल 123.250 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 61 लाख 62 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने मोबाइल और कंटेनर सहित कुल 71 लाख 68 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स, सिंघोड़ा थाना और कोमाखान थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं।