बागबाहरा

बागबाहरा में चाकूबाजी: गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देख रहे 13 वर्षीय बालक पर चाकू से जानलेवा हमला, पेट में आई गंभीर चोट,आरोपी पर FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बागबाहरा।
जिले के बागबाहरा में गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा के दौरान एक 13 वर्षीय बालक पर चाकू से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में बालक के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे पहले बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार, घटना 26 नवंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे की है। वार्ड क्रमांक 09 अचानकपारा निवासी जितेंद्र महानंद का 13 वर्षीय भतीजा प्रियांशु महानंद अशोक होटल के पास मेन रोड पर गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देख रहा था। इसी दौरान देवार डेरा चंडी कुटिया निवासी जिगर नामक युवक के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अपने पास रखे चाकू से प्रियांशु पर हमला कर दिया। हमले में बालक के हाथ और पेट में गंभीर जख्म आए। चोट इतनी गंभीर बताई गई कि उसके पेट में अंदरूनी अंगों को भी नुकसान पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही चाचा जितेंद्र महानंद मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वहां मौजूद लोग घायल बालक को अस्पताल पहुंचा चुके थे।

बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद प्रियांशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए महासमुंद स्थित सोहम हॉस्पिटल भेजा गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button