सरायपाली

सरायपाली: जोगनीपाली में पैसों को लेकर विवाद, महिला को पत्थर फेंककर किया घायल,जान से मारने की धमकी देने का आरोप

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सरायपाली।
जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम जोगनीपाली में शराब के उधार पैसों को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गाली-गलौज करने, हाथ-मुक्कों से हमला करने और फर्श का पत्थर फेंककर घायल करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता सुकांति दास ग्राम कुम्हारी की निवासी है और वर्तमान में अपने मायके ग्राम जोगनीपाली में रह रही थी। वह मितानिन के रूप में कार्य करती है। बताया गया कि करीब 8-9 दिन पहले वह अपने पति के साथ मायके आई थी। इसी दौरान 27 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे गांव का जयकृष्ण दास उसके घर के सामने पहुंचा और उसके पति द्वारा शराब उधार लेने की बात कहते हुए पैसों की मांग करने लगा।

महिला ने आरोपी से कहा कि उसे इस लेन-देन की जानकारी नहीं है और वह अपने पति से बात करने के बाद बताएगी। आरोप है कि इस बात पर जयकृष्ण दास नाराज हो गया और महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से खत्म करने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने फर्श का पत्थर उठाकर उसकी ओर फेंका, जिससे उसके बाएं पैर के अंगूठे और पास की उंगली में चोट आई तथा खून निकलने लगा। घटना के दौरान शिवदास और श्यामदास के मौजूद रहने तथा उन्होंने घटना को देखने-सुनने की बात भी शिकायत में बताई गई है।

महिला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई की जानकारी विवेचना के बाद स्पष्ट होगी।

Back to top button