बसना

बसना: बंसुला डीपा में आज से दो दिवसीय सावन झूला महोत्सव, निकलेगी श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा

नौवें वर्ष में भव्य आयोजन की तैयारी पूरी, 8 और 9 अगस्त को उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

देशराज दास बसना। बसना क्षेत्र के ग्राम बंसुला डीपा में धार्मिक आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। बंसुला डीपा रथयात्रा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा एवं सावन झूला महोत्सव मेला का आयोजन 8 एवं 9 अगस्त को किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रथयात्रा समिति के सदस्यों के अनुसार दोनों दिनों दोपहर 2 बजे से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। रथयात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

बसना मुख्यालय से दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर पक्की सड़क के किनारे स्थित रुद्रा खेल मैदान, बंसुला डीपा (आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के सामने) में मुख्य मेला एवं धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन स्थल पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मेला भी लगेगा, जहां क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

भक्ति और कीर्तन से गूंजेगा बंसुला डीपा
आयोजन के पहले दिन 8 अगस्त शनिवार को सुप्रसिद्ध संचार बाहकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं 9 अगस्त रविवार को ओडिशा एवं आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भक्ति संगीत और कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

नौवें वर्ष में पहुंचा आयोजन
बंसुला डीपा में आयोजित होने वाला यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन इस वर्ष नौवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष क्षेत्र के श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होकर रथ खींचते हैं।

श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचने की अपील
रथयात्रा समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की है। समिति ने श्रद्धालुओं से भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने, सावन झूला महोत्सव एवं मेले का आनंद लेने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।

आयोजन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर बंसुला डीपा सहित आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल है।

Back to top button