बसना

बसना: पलसापाली बैरियर में 61 किलो गांजा के साथ स्कॉर्पियो जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत पलसापाली बैरियर में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 61 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 30.50 लाख रुपये बताई गई है। वहीं स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल और अन्य दस्तावेजों सहित कुल जब्ती की कीमत करीब 37.70 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को थाना बसना में पदस्थ उपनिरीक्षक जयंत प्रसाद बारिक अपनी टीम के साथ पलसापाली बैरियर में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान महिंद्रा स्कॉर्पियो क्रमांक CG10 AD 4448 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया, जिस पर संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन में रखी तीन बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में कार्रवाई करते हुए बोरियों की जांच और तौल कराई। बरामद गांजा का कुल वजन लगभग 61.300 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने वाहन चालक आशीष कुमार साहू (21 वर्ष), निवासी मुंडा भरारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा ओडिशा क्षेत्र से गांजा लेकर आने के लिए कहा गया था। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा स्कॉर्पियो वाहन, आईफोन मोबाइल, वाहन के दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

बसना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Back to top button