बसना: बंसुला के आईटीआई ग्राउंड में मानसून क्रिकेट प्रीमियम लीग का हुआ आगाज
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओड़िशा के खिलाड़ियों से सजी 8 टीमों की भिड़ंत, उद्घाटन मैच में मनोज इलेवन ने 5 विकेट से दर्ज की जीत

बसना। बसना के समीप ग्राम बंसुला स्थित आईटीआई ग्राउंड में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह से गुलजार हो उठा। रुद्रा क्रिकेट क्लब बंसुला के तत्वावधान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित मानसून प्रीमियम लीग टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओड़िशा के खिलाड़ियों को ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न टीमों में शामिल किया गया है, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक बन गए हैं। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बंसुला के सरपंच नवीन साहू रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच किशोर प्रधान, पत्रकार गौरीशंकर मानिकपुरी एवं पत्रकार देशराज दास ब्लॉक अध्यक्ष पत्रकार कल्याण महासंघ उपस्थित थे।
इस अवसर पर सरपंच नवीन साहू ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उद्घाटन मुकाबला मनोज इलेवन और चैलेंजर क्लब के बीच खेला गया। आठ-आठ ओवर के इस रोमांचक मैच में मनोज इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चैलेंजर क्लब ने निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाए। जवाब में मनोज इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 7.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस दौरान आयोजक समिति के आर्यन यादव, कुंदन साव, मानस सेठ सहित बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही।