बसना: रातभर की मूसलाधार बारिश से बसना–गनेकेरा मार्ग ठप, छोटे पुल पर 3 फीट ऊपर बहा पानी
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता, तेज बहाव के बीच राहगीरों की बाइक पार कराने में किया सहयोग

देशराज दास बसना। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हुई तेज बारिश के कारण बसना–गनेकेरा, पदरडीह और बरगांव मार्ग पर स्थित छोटे पुल के ऊपर लगभग 3 फीट पानी बहने लगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों तक बारिश के बीच इंतजार करना पड़ा।

तेज बहाव के कारण पुल पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया था। ऐसे में गांव के कई युवाओं और बच्चों ने मानवता का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना राहगीरों की मदद की। ग्रामीणों ने पानी के तेज बहाव के बीच लोगों की बाइकों को संभालकर सुरक्षित पुल पार कराया। ग्रामीणों की इस पहल की राहगीरों ने भी जमकर सराहना की।
बारिश के चलते आसपास के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। कई खेतों में पानी भर गया और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी रही। हालांकि सुबह पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने के बाद आवागमन आंशिक रूप से सामान्य हो सका।
ग्रामीणों ने क्या कहा- मेघनाथ दास,धनेश यादव ने कहा कि रातभर हुई बारिश के कारण सुबह पुल पूरी तरह पानी में डूब गया था। कई लोग काम से निकल रहे थे, लेकिन तेज बहाव देखकर रुक गए। ऐसे समय में गांव के युवाओं ने मिलकर लोगों की मदद की, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग बसना आते-जाते हैं। पुल पर पानी आने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। तेज बहाव में बाइक लेकर निकलना जानलेवा साबित हो सकता था। इसलिए ग्रामीणों ने सभी लोगों से जल्दबाजी न करने की अपील करते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन पार कराए।

प्रवीण यादव जय लोहा,संतोष यादव ने बताया कि बारिश के मौसम में हर वर्ष इस पुल पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। स्थायी समाधान के लिए पुल की ऊंचाई बढ़ाने या वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता है।
दिलीप यादव ने कहा कि ग्रामीणों ने एकजुट होकर कई लोगों की मदद की। यदि कोई अकेले तेज बहाव में पुल पार करने की कोशिश करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बसना–गनेकेरा मार्ग पर छोटे पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बहने से घंटों आवागमन बाधित रहा। इस दौरान ग्रामीण युवाओं ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए राहगीरों की बाइक सुरक्षित पार कराने में सहयोग किया।
बसना–गनेकेरा मार्ग पर छोटे पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बहने से घंटों आवागमन बाधित रहा। इस दौरान ग्रामीण युवाओं ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए राहगीरों की बाइक सुरक्षित पार कराने में सहयोग किया।